मोगा । मोगा जिले के गांव धल्लेके में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो गाड़ी गांव की तंग गली में बनी एक किराने की दुकान से टकराकर पलट गई, जिससे दुकान पर सामान ले रहे युवक की मौके पर ही जान चली गई। यह पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय युवक, जिसकी पहचान सुख के रूप में हुई है, दुकान से सामान खरीद रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस घटना के बाद गांव धल्लेके में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने इस हादसे को लेकर चिंता जताई है और कहा कि गांव की तंग गलियों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए और गांवों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।