चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र तीसरे दिन में प्रवेश कर चुका है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। कांग्रेस सरकार को पेंशन, नौकरियों और अन्य अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है।
सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस ने पैदल मार्च आयोजित किया। एमएलए हॉस्टल से सभी कांग्रेस विधायक विधानसभा तक मार्च निकालकर पहुंचे। इस मार्च का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया।
तीसरे दिन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इस दौरान कांग्रेस और सत्तापक्ष बीजेपी के कुल 20 विधायकों ने सवाल उठाए हैं। पूर्व पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने भी सदन में खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों पर सवाल किए। सत्र में सरकार की ओर से दी जाने वाली 13 कैटेगरी की पेंशन को लेकर भी बहस होगी।
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि अभिभाषण में पहली बार स्वास्थ्य, प्रदूषण, पशुपालन और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का कोई जिक्र नहीं है। उन्होंने पांच हजार करोड़ रुपये के धान घोटाले और श्रम विभाग में 1,500 करोड़ रुपये के गड़बड़ी मामले का भी उल्लेख नहीं होने पर असंतोष जताया। इसके अलावा, आईपीएस वाई पूरन कुमार और अन्य कर्मचारियों के आत्महत्या मामले, साथ ही सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से हुई मौत पर चर्चा का भी अभाव रहा। अरड़ा ने कहा कि मंत्री इन जिम्मेदारियों को “भगवान के भरोसे” छोड़ रहे हैं।