लुधियाना। सेंट्रल जेल में प्रतिबंधित सामान की तस्करी का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो कैदियों और एक पेस्को कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट विजय कुमार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान कैदी सतविंदर सिंह और रिकी के पास से 30 ग्राम नशीला पदार्थ, 1400 ग्राम तंबाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामदगी के बाद दोनों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान पहुंचाने में पेस्को कर्मचारी मनप्रीत सिंह की संलिप्तता है। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है।