अंबाला | अंबाला शहर के निकट जोघा नाला पुल पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बडौली निवासी माया राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दूध बेचने का काम करता है और गांव कलेरां में उसकी कृषि योग्य जमीन है। वह अपनी जमीन से मोटरसाइकिल पर सवार होकर कलेरां की ओर जा रहा था। जब वह जोघा नाला पुल के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उसकी बाइक की टक्कर हो गई।
शिकायत के अनुसार, दूसरी मोटरसाइकिल को रवि नामक युवक चला रहा था, जो गांव सेगती का निवासी है। आरोप है कि रवि लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर पड़ा। घायल युवक की पहचान माया राम के छोटे भाई चेतन के रूप में हुई, जिसे सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद परिजन चेतन को सिविल अस्पताल अंबाला शहर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।