यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले की अमर विहार कॉलोनी में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके एक रिश्तेदार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक गुंजन कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला था और जगाधरी की अमर विहार कॉलोनी में किराये के मकान में अपनी पत्नी सुषमा उर्फ रीना के साथ रह रहा था। मकान मालिक दीपक सलोनिया के मुताबिक गुंजन अपनी पत्नी के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर रहता था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से सुषमा का रिश्तेदार आकाश भी उनके साथ रह रहा था। पड़ोसियों ने सूचना दी कि मकान के बाथरूम की छत पर गुंजन का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर मकान मालिक और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला और गले में कपड़े (परने) से गला घोंटने के निशान पाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस को शक है कि प्रेम प्रसंग के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मकान मालिक के बयान पर पत्नी सुषमा और उसके रिश्तेदार आकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है।
मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसका पता गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र का भी बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।