Summer Express, गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार सुबह कई प्रतिष्ठित स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल खुलने के समय कई बड़े स्कूलों के प्रबंधन को एक साथ धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। मेल में स्कूल भवनों में बम लगाए जाने का दावा किया गया था। बताया जा रहा है कि शहर के कुछ प्रमुख स्कूलों, जिनमें सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल भी शामिल है, को इस तरह के ई-मेल मिले हैं।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने कई स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह ई-मेल शरारत या दहशत फैलाने की कोशिश भी हो सकते हैं, हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत अभिभावकों को सूचना दी। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे, जबकि कुछ छात्रों को स्कूल बसों के माध्यम से घर भेज दिया गया। धमकी के कारण कुछ समय के लिए स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में साइबर टीम भी सक्रिय कर दी गई है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान गुरुग्राम और एनसीआर के कई स्कूलों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। पहले भी हुई जांच में कुछ मेल विदेश से भेजे जाने की बात सामने आई थी। ताजा ई-मेल में भी खालिस्तान समर्थकों का नाम लिखे होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।