Summer Express , नई दिल्ली। मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली और मुंबई समेत उत्तर व पश्चिम भारत के कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते लोगों को मार्च में ही तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री अधिक है। तापमान के साथ हवा में नमी बढ़ने से ‘हीट इंडेक्स’ भी ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी और बेचैनी का अनुभव हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह तापमान मार्च महीने के लिए पिछले लगभग 50 वर्षों में दर्ज किए गए उच्च स्तरों में से एक है।
वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार संताक्रूज वेधशाला में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से लगभग 7.6 डिग्री अधिक है। इसे मार्च महीने में दर्ज किए गए असामान्य रूप से ऊंचे तापमान में गिना जा रहा है।
मुंबई के कुछ इलाकों में तापमान और भी अधिक दर्ज किया गया। पश्चिमी उपनगरों के राम मंदिर क्षेत्र में 42.4 डिग्री और विक्रोली में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं कोलाबा वेधशाला में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में भी गर्म मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
उधर उत्तर प्रदेश में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क रहेगा। प्रदेश में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं जताई गई है।