राहुल चावला, धर्मशाला-:केंद्रीय विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश का नौंवां दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्यातिथि होंगे। इससे पहले भी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दो बार राष्ट्रपति शिरकत कर चुके हैं।
वीसी प्रो. प्रकाश बंसल ने बताया कि समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, राज्यपाल कवींद्र गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार भी उपस्थित रहेंगे।उपराष्ट्रपति करीब 10:30 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट से धर्मशाला के विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। समारोह में 12 मेधावियों को गोल्ड मैडल दिए जाएंगे, जिनमें 9 पीजी और 3 यूजी छात्र शामिल हैं। इसके अलावा आठ पीजी छात्रों को उपराष्ट्रपति से डिग्री प्रदान की जाएगी। उपराष्ट्रपति लगभग 90 मिनट तक समारोह में मौजूद रहेंगे।दीक्षांत समारोह दो भागों में आयोजित होगा। पहला भाग दोपहर 1 बजे उपराष्ट्रपति की मौजूदगी में संपन्न होगा, जबकि दूसरा भाग दोपहर 2 बजे शुरू होकर लगातार चलेगा। सभी 524 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। वीसी ने सभी छात्रों से सुबह 10 बजे ऑडिटोरियम में समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।