समरएक्सप्रेस /हमीरपुर, अरविन्द -:भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र Rana ने हमीरपुर बाईपास क्षेत्र में चल रहे एक भव्य निर्माण कार्य को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कैबिनेट रैंक के एक सलाहकार से जुड़े इस निर्माण में नियमों की अनदेखी होने की आशंका है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
राणा ने कहा कि काफी समय से हमीरपुर बाईपास पर एक आलीशान बंगले का निर्माण चल रहा है, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं। उनका कहना है कि इस निर्माण में सरकारी जमीन और प्रशासनिक तंत्र के संभावित दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल के पास रहने वाली एक विधवा महिला को परेशान किए जाने की शिकायत सामने आई है। राणा के अनुसार, महिला के पास एक पशु शेड था, जहां वह अपने पशु रखती थी, जिसे कथित तौर पर आश्वासन देकर हटवा दिया गया। इसके बाद महिला को विभिन्न तरीकों से परेशान किए जाने की बात भी कही जा रही है।राणा ने कहा कि यदि किसी कमजोर व्यक्ति को दबाव में लाने या प्रताड़ित करने के लिए सत्ता का प्रभाव इस्तेमाल किया जा रहा है, तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि एक विधवा महिला के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे उसकी आजीविका पर भी असर पड़ा है।उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाई जाए। यदि जांच में सरकारी भूमि के दुरुपयोग, नियमों के उल्लंघन या किसी महिला को परेशान करने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।