Summer Express, यमुनानगर | शहर में घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने विभिन्न ढाबों, होटलों, मिष्ठान भंडारों और रेहड़ियों पर छापेमारी कर घरेलू गैस के 29 सिलिंडर जब्त किए हैं।
बताया जा रहा है कि शहर में घरेलू गैस सिलिंडर की कमी और एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी कतारों के मुद्दे को हाल ही में उठाए जाने के बाद विभाग ने इस पर संज्ञान लिया। जांच के दौरान पाया गया कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सिलिंडरों में 12 एचपीसीएल, 8 बीपीसीएल और 9 आईओसीएल के सिलिंडर शामिल हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एएफएसओ राजकुमार ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित हैं। इनका होटल, ढाबों या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलिंडरों के इस्तेमाल के कारण आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे एजेंसियों के बाहर भीड़ और लंबी कतारें लग जाती हैं।
विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि दोबारा घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया तो सिलिंडर जब्त करने के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही विभाग ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।