Summer Express, फरीदाबाद | गांव सरूरपुर में सुनार की दुकान पर हुई करीब 50 लाख रुपये की सोने की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को मंगलवार सुबह सूरजकुंड के पास क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मबीर यादव उर्फ बाबू के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के संभल का रहने वाला है। इससे पहले इस मामले में साकिब और जावेद नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो मुजफ्फरनगर जिले के सिंगरैड़ा गांव के निवासी हैं।
जांच के दौरान पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला था कि तीनों आरोपी सूरजकुंड क्षेत्र में मिलने वाले हैं और यहां से दिल्ली में एक बड़ी लूट की योजना बना रहे थे। इसी सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने तड़के ही सूरजकुंड रोड पर जाल बिछा दिया।
जैसे ही धर्मबीर मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचा, उसने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे काबू कर बादशाह खान नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि दिनदहाड़े सरूरपुर स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए थे और मौके से फरार हो गए थे।
पूछताछ में सामने आया कि वारदात को तीनों आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। लूट के दौरान साकिब मोटरसाइकिल चला रहा था। वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी। लूट के बाद आरोपी बालाजी कॉलोनी, करनेरा गांव के पास बाइक छोड़कर टैक्सी के जरिए फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ लूट व चोरी के कई मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।