Summer Express, ईटानगर | अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में भारी बारिश के चलते भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। नीति विहार क्षेत्र में निर्माणाधीन दीवार ढहने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम यह हादसा उस समय हुआ जब सात मजदूर निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। लगातार बारिश के कारण अचानक भूस्खलन हुआ और सुरक्षा दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे सभी मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने मलबे से चार मजदूरों के शव निकाले, जबकि तीन घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा लगातार हो रही बारिश के कारण हुआ, जिससे जमीन कमजोर हो गई थी और निर्माणाधीन दीवार ढह गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।