Summer express, शिमला | तीन दिन की मौसम की राहत के बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। रोहतांग समेत सभी प्रमुख दर्रों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जबकि शिमला, मनाली और प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हुई।
दोपहर के समय अचानक राज्य के कई हिस्सों में बादल छा गए और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। राजधानी शिमला में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर के समय तेज बारिश, गरज-चमक और ओले गिरने से तापमान में गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई। निचले इलाकों में भी कई स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे आम लोगों और किसानों को ठंड का अनुभव हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
प्रमुख शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान:
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर में बादलों के छाने और बारिश के कारण ठंडक बढ़ गई।
सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 11.5 और अधिकतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भुंतर में तापमान 9.6 से 25.3 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। कल्पा में न्यूनतम तापमान 2.6 और अधिकतम 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
धर्मशाला में न्यूनतम 8.9 और अधिकतम 23.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऊना में यह क्रम 12.4 से 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। नाहन में न्यूनतम 9.5 और अधिकतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोलन में तापमान 10.0 से 23.0 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 6.2 से 16.5 डिग्री सेल्सियस और कांगड़ा में 12.9 से 26.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मंडी में न्यूनतम 12.3 और अधिकतम 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।
बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 5.4 से 13.4 और कुकुमसेरी में 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम -0.4 और अधिकतम 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंडक का अनुभव बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम के संकेत दिए हैं। 26 मार्च को तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है, जबकि 29 मार्च तक प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।