पंचकूला I डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने पदभार संभालते ही शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
डीसीपी ने एसीपी ट्रैफिक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध पार्किंग, नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही डीसीपी ने शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेन स्नेचिंग और नशा तस्करी जैसे मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्रवाई जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू की जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।