Summer express, ऊना। जिला ऊना के मजारा गांव निवासी 52 वर्षीय जसविंद्र सिंह उर्फ शम्मी की अबू धाबी में ड्रोन हमले के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जसविंद्र सिंह लंबे समय से विदेश में ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जसविंद्र सिंह कई वर्षों से अबू धाबी में नौकरी कर रहे थे और बीच-बीच में अपने घर आते-जाते रहते थे। हाल ही में वे फिर से काम पर विदेश लौटे थे। बताया जा रहा है कि वह अबू धाबी के एक प्रतिबंधित क्षेत्र में अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे, तभी वह ईरान द्वारा किए गए ड्रोन हमले की चपेट में आ गए।
हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि जसविंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट इतना भीषण था कि उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया।
जैसे ही घटना की जानकारी उनके परिजनों तक पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उधर, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और परिजनों के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।