Summer express, कुम्हारिया | हरियाणा के गांव कुम्हारिया के दो युवकों को कथित तौर पर रूस की सेना में जबरन भर्ती कर यूक्रेन युद्ध में भेजे जाने के मामले में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा अब भी लापता है। मृतक की पहचान अंकित जांगड़ा के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी विजय पूनिया का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
परिजनों के अनुसार, अंकित जांगड़ा का शव दिल्ली पहुंच चुका है और परिवार उसे लेकर अपने गांव के लिए रवाना हो गया है। इस दुखद घटना की पुष्टि अंकित के भाई रघुबीर जांगड़ा ने की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को उन्हें इस संबंध में सूचना मिली, जिसके बाद परिवार तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों का 11 सितंबर 2025 से अपने परिवारों से कोई संपर्क नहीं था। परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी के प्रयास में जुटे हुए थे। इस दौरान परिवार के सदस्य दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित रूसी दूतावास, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी।
परिजनों ने बताया कि संपर्क टूटने से पहले दोनों युवकों ने वीडियो भेजकर अपनी जान बचाने की गुहार लगाई थी। इन वीडियो में उन्होंने दावा किया था कि उन्हें जबरन सेना में भर्ती कर युद्ध क्षेत्र में भेजा गया है।
अंकित की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं विजय पूनिया की कोई जानकारी न मिलने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। परिजन अब भी सरकार से मांग कर रहे हैं कि विजय का जल्द पता लगाया जाए और उसे सुरक्षित वापस लाया जाए। यह घटना एक बार फिर विदेशों में युवाओं के शोषण और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।