Summer Express, पलवल | खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि अनाज खरीद को लेकर किसानों और आढ़तियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। वे पलवल अनाज मंडी के दौरे के दौरान अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गेहूं खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंडी दौरे के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, मार्केट कमेटी चेयरमैन पंकज विरमानी, जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ, अतिरिक्त उपायुक्त सुभिता ढाका और जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि रबी विपणन सत्र 2026-27 के दौरान किसानों की फसलों की सुचारू और पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार का संकल्प है कि किसानों को मंडियों में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार ने गेहूं खरीद को लेकर व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं।
उन्होंने बताया कि पहले मंडियों में ट्रैक्टर-ट्रॉली की लंबी कतारें लगती थीं, लेकिन अब व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है, जिससे किसान आसानी से मंडी पहुंचकर मिनटों में गेट पास बनवा रहे हैं और अपनी फसल बेच पा रहे हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में हुई बारिश के कारण गेहूं की फसल में नमी और लस्टर लॉस जैसी समस्याएं सामने आई हैं। सरकार इस स्थिति में किसानों को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि फसल खरीद के बाद किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा और मंडियों से फसल उठान की भी उचित व्यवस्था की गई है, ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
इसके साथ ही उन्होंने पलवल जिले को खेल विभाग की ओर से 96 खेल नर्सरियां मिलने पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए खेलों के लिहाज से स्वर्णिम अवसर है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और संसाधन स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।