Summer express, लुधियाना |पंजाब में राजस्व विभाग के कामकाज पर असर पड़ सकता है, क्योंकि ‘द रेवेन्यू पटवार यूनियन पंजाब’ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया, तो राज्य की सभी तहसीलों में कामकाज बाधित किया जाएगा।
लुधियाना में यूनियन की अहम बैठक पंजाब प्रधान बलराज सिंह औजला और जिला प्रधान निर्मल सिंह रंधावा के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि पटवार और कानूनगो यूनियन 9 और 10 अप्रैल को पंजाब की सभी तहसीलों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हड़ताल करते हुए रोष प्रदर्शन करेगी।
यूनियन नेताओं ने बताया कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, जिनमें प्रमोशन और पदोन्नति से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं। उनका कहना है कि कई वर्षों से पटवारियों को कानूनगो के पद पर पदोन्नत नहीं किया गया है, जबकि विभाग में कानूनगो के कई पद खाली पड़े हैं।
इसके अलावा नई भर्तियां न होने के कारण एक-एक पटवारी को कई सर्कलों का काम संभालना पड़ रहा है, जिससे कार्यभार काफी बढ़ गया है। साथ ही पटवारखानों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, खासकर महिला कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाएं न होना, भी एक बड़ी समस्या बताई गई है।
यूनियन का आरोप है कि बार-बार मांगें उठाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा अतिरिक्त ड्यूटी लगाए जाने से कार्यालयी कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
पटवारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिससे तहसील स्तर पर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।