Summer Express,गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल परिसर में एक युवक की हत्या कर दी गई। जब शिक्षक और स्टाफ सुबह स्कूल पहुंचे तो उन्होंने फर्श पर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। फर्श पर भारी मात्रा में खून फैला हुआ था और यह दृश्य देखकर स्टाफ दहशत में आ गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर की गई है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस टीम स्कूल स्टाफ और शिक्षकों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ।
यह घटना राजकीय माध्यमिक विद्यालय हेलीमंडी की बताई जा रही है। शव मिलने के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे क्षेत्र को सील कर आसपास की जांच तेज कर दी है।