Summer Express,गुरुग्राम | डीएलएफ फेज-1 क्षेत्र में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की इन्फोर्समेंट टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। स्टिल्ट+4 निर्माण नीति पर हाईकोर्ट की रोक के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में आठ टीमें एक साथ अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई कर रही हैं, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी डीटीपी इन्फोर्समेंट अमित मधोलिया स्वयं कर रहे हैं।
यह विशेष अभियान 22 अप्रैल तक लगातार जारी रहेगा, जिसके तहत कॉलोनियों की आंतरिक सड़कों और ग्रीन एरिया में किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इनमें अवैध चारदीवारी, पार्किंग शेड, डीजी सेट, सीढ़ियां, खोखे, निर्माण सामग्री और अस्थायी ढांचे शामिल हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी लाइसेंसी कॉलोनियों की 9 मीटर से 24 मीटर चौड़ी इंटरनल सड़कों के दायरे में बने अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और नियोजित शहरी ढांचे को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। हाईकोर्ट ने स्टिल्ट प्लस-4 (S+4) पॉलिसी पर फिलहाल रोक लगाई हुई है, जिसके चलते विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
अधिकारियों ने डीएलएफ फेज-1 के निवासियों से अपील की है कि वे स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर बुल्डोजर कार्रवाई करेंगी।
इस अभियान से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है, जबकि प्रशासन का कहना है कि शहरी नियोजन नियमों का पालन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।