मंडी -:नगर निगम मंडी ने पालतू कुत्तों के अनिवार्य पंजीकरण नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले पालतू पशु मालिकों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में पैलेस कॉलोनी वार्ड के एक व्यक्ति पर 9,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उसने अपने पालतू कुत्ते का पंजीकरण समय पर नहीं कराया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को कई बार नोटिस और चेतावनी दी गई थी। कर्मचारियों के माध्यम से भी उसे पंजीकरण कराने की सूचना पहुंचाई गई, लेकिन इसके बावजूद उसने इस दिशा में कोई पहल नहीं की और नियमों की अनदेखी जारी रखी। लगातार लापरवाही के चलते निगम ने नगर निगम अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई करते हुए यह जुर्माना लगाया।नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि जुर्माने की राशि जमा करने के लिए संबंधित व्यक्ति को 15 दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर जुर्माना नहीं भरा जाता और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती, तो 100 रुपये प्रतिदिन की दर से अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद शहर में उन पालतू कुत्ता मालिकों के बीच जागरूकता और हलचल बढ़ गई है, जिन्होंने अब तक अपने पालतू जानवरों का पंजीकरण नहीं कराया है। नगर निगम ने सभी पालतू पशु मालिकों से अपील की है कि वे समय पर पंजीकरण कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी या आर्थिक कार्रवाई से बचा जा सके।