बिलासपुर, सुभाष-:बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। छुट्टी का दिन होने के कारण लगभग 30 हजार भक्तों ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के कपाट सुबह करीब 4 बजे ही खोल दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद दिनभर श्रद्धालुओं का आना जारी रहा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल सहित कई राज्यों से लोग दर्शन के लिए पहुंचे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित लाइनों में दर्शन करवाए। दोपहर की आरती के बाद जैसे ही भीड़ बढ़ी, प्रशासन ने लोगों को छोटे-छोटे समूहों में आगे बढ़ाना शुरू किया, जिससे व्यवस्था बनी रही। मंदिर परिसर के भीतर एक्स सर्विसमैन और बाहर होमगार्ड के जवानों ने मोर्चा संभाले रखा।मंदिर के पुजारी लक्की शर्मा ने बताया कि रविवार की वजह से श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी भक्तों को शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से दर्शन करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, मंदिर के मुख्य द्वार और निकासी द्वार पर पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं द्वारा लंगर की व्यवस्था भी की गई, जहां श्रद्धालुओं को नींबू पानी और जलजीरा वितरित किया गया।