Summer Express,नारनौल । महेंद्रगढ़ जिले में गर्मी ने समय से पहले ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को नारनौल पूरे हरियाणा में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से काफी अधिक है और संकेत दे रहा है कि इस बार गर्मी का असर समय से पहले ही तेज हो गया है।
मौसम के बदलते मिजाज का असर रात के तापमान पर भी दिख रहा है। न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.8 डिग्री अधिक है। इससे साफ है कि अब रातें भी राहत देने के बजाय गर्मी बढ़ा रही हैं।
दिन के समय तापमान करीब 39 डिग्री के आसपास बना रहा, जबकि दोपहर में गर्म हवाओं के कारण हालात और अधिक परेशान करने वाले रहे। इसका असर बाजारों और सड़कों पर भी दिखा, जहां दोपहर के समय भीड़ कम नजर आई।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। महेंद्रगढ़ जिले में पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू चलने और उमस भरी गर्मी का असर भी बढ़ेगा, जिससे दिन और रात दोनों समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के अंत और मई की शुरुआत में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी, धूलभरी हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
फिलहाल स्थिति यह है कि सुबह से ही सूरज तीखी गर्मी बरसा रहा है और दोपहर तक हालात झुलसाने वाले बन जाते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।