Summer express, बल्लभगढ़। भीकम कॉलोनी की गली नंबर 12 में गोली लगने की एक संदिग्ध घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। 22 वर्षीय युवक योगेश, पुत्र नेत्रपाल, के माथे में देशी पिस्तौल से चली गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, योगेश अपने घर में दोस्त अभय के साथ बैठा हुआ था, तभी अचानक गोली चल गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग कैसे हुई और हथियार किसके पास था।
घटना के बाद परिजनों ने घायल योगेश को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बादशाह खान अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से पूरे परिवार में सदमे का माहौल है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फायरिंग के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस योगेश के दोस्त अभय से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।