Summer express /कांगड़ा, संजीव -:नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद और पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। यह घोषणा पूर्व विधायक अजय महाजन और मंडल अध्यक्ष संदेश डढवाल के नेतृत्व में की गई, जिसमें चारों जिला परिषद वार्डों के प्रत्याशियों के नाम सामने आए।
भड़वार वार्ड से कांग्रेस ने खैरियां पंचायत के पूर्व प्रधान विक्रम सिंह बिट्टू को उम्मीदवार बनाया है। नाम घोषित होने के बाद विक्रम सिंह बिट्टू ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे इस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से क्षेत्र के मिडिल स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड किया गया और नए भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
इसके अलावा, उन्होंने डिस्पेंसरी को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में बदलने और पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों को पूरा कराने का भी दावा किया। बिट्टू ने क्षेत्र की जनता से निष्पक्ष मतदान की अपील करते हुए कहा कि जीत मिलने पर सभी पंचायतों का संतुलित और समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा।