Summer express/धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला सहित जिला कांगड़ा में पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार दोपहर बाद शुरू हुई हल्की बारिश ने धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र का तापमान कम कर दिया। वहीं रविवार सुबह से तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर ऊंचाई वाले इलाकों में भी साफ नजर आया। धौलाधार की पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ एक बार फिर सफेद चादर से ढक गए हैं। इस खूबसूरत नजारे ने पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया है, जबकि स्थानीय लोग ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं।लगातार हो रही बारिश और ठंडक भरी हवाओं से वातावरण में ताजगी घुल गई है। लोगों ने भी राहत महसूस करते हुए गर्मी से छुटकारा पाया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।