बिलासपुर, सुभाष -:बिलासपुर बस अड्डे के बाहर अवैध रूप से लगाए गए खोखों और रेहड़ियों को हटाने के लिए जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। कई दुकानदारों ने इस कदम का विरोध करते हुए अपनी रोज़ी-रोटी का हवाला दिया।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कमल गौतम ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, वे नगर परिषद से रसीद कटवाते हैं और वर्षों से वहीं कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था दिए हटाना उचित नहीं है, क्योंकि इससे उनके परिवारों पर सीधा असर पड़ता है।वहीं, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे के किनारे अवैध अतिक्रमण किया गया था, जिसे हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।