चंडीगढ़ | पंजाबवासियों, खासकर सिख श्रद्धालुओं के लिए एक अहम खबर सामने आई है। आदमपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी फ्लाइट सेवा 2 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस पहल का स्वागत राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने करते हुए इसे सिख संगत के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित और ऐतिहासिक कदम बताया है।
सांसद संधू ने कहा कि यह केवल एक नई फ्लाइट नहीं, बल्कि सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग का समाधान है। उन्होंने बताया कि नांदेड़ स्थित तख़्त सचखंड श्री हज़ूर साहिब तक सीधी हवाई यात्रा न होने के कारण विशेषकर बुज़ुर्ग श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को उन्होंने कई बार संसद और केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्राओं को सरल और सुलभ बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। इस नई उड़ान सेवा को भी उसी दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा सकता है।
हवाई कनेक्टिविटी को भी मिलेगा बढ़ावा
इससे पहले आदमपुर से नांदेड़ साहिब के लिए उड़ानों की शुरुआत की गई थी और अब मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होना न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से, बल्कि आर्थिक और व्यावसायिक लिहाज़ से भी अहम है। संधू ने बताया कि यह कदम पंजाब के छोटे शहरों को देश के बड़े व्यापारिक और औद्योगिक केंद्रों से जोड़ने में मदद करेगा।
मुंबई, जहां देश की प्रमुख आर्थिक गतिविधियां संचालित होती हैं, से सीधा संपर्क पंजाब के व्यापारियों और यात्रियों को नए अवसर देगा। इससे पंजाब के कृषि और औद्योगिक उत्पादों को मुंबई के बंदरगाहों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।
संधू ने यह भी जानकारी दी कि उड़ान (UDAN) योजना के तहत अब तक पंजाब के चार एयरपोर्ट — आदमपुर, बठिंडा, लुधियाना और पठानकोट — सक्रिय हो चुके हैं। आदमपुर-मुंबई सीधी सेवा इन हवाई अड्डों की उपयोगिता और राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती देगी।