हरियाणा | बिहार के जमुई जिले में उत्पाद विभाग और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा किया है। तस्करों ने ट्रक के पिछले हिस्से में एक गुप्त तहखाना बना रखा था, जिसमें 710 लीटर विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। यह कार्रवाई डुमरी चेकपोस्ट के पास की गई, जहां जांच के दौरान यह शराब पकड़ी गई।
ट्रक चालक की पहचान हरियाणा के भिवानी जिले निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब भिवानी से ट्रक में लोड की गई थी और इसे पटना में डिलीवर किया जाना था।
पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने शराब को ट्रक में छिपाने के लिए विशेष तरीके से तहखाना तैयार किया था, जो बाहर से देखने पर नजर नहीं आता था। यह खुलासा एक खुफिया सूचना के आधार पर हुआ, जिसके बाद चेकपोस्ट पर वाहनों की कड़ी तलाशी ली गई।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में तहखाना बनाकर शराब की तस्करी की जा रही है। इसी आधार पर अभियान चलाया गया और सफलता मिली। फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।