Shimla, 2 July-कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने अमेरिका से आयातित सेब पर आयात शुल्क घटाने की संभावनाओं को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के भाजपा सांसदों को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव को तुरंत रोकने की मांग की है।
राठौर ने शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार अमेरिकी दबाव में आकर टैरिफ कम करती है, तो हिमाचल का सेब उद्योग गंभीर संकट में पड़ जाएगा। उनका कहना है कि सस्ते अमेरिकी सेब भारतीय बाजारों में आने से स्थानीय उत्पादक प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे और बागवानों को भारी घाटा उठाना पड़ेगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में 50% आयात शुल्क को घटाने के बजाय उसे बढ़ाकर 100% किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय बागवानों को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाया जा सके। राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके चुनावी वादे भी याद दिलाए, जिसमें उन्होंने हिमाचल के किसानों और बागवानों को संरक्षण देने की बात कही थी।
कुलदीप सिंह राठौर, राष्ट्रीय प्रवक्ता, कांग्रेस:“अगर केंद्र सरकार ने अमेरिकी सेब पर शुल्क घटाया तो हिमाचल का बागवानी क्षेत्र बर्बाद हो जाएगा। हम इस फैसले का विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि आयात शुल्क बढ़ाया जाए, न कि घटाया जाए।”