Summer express, अनिल मांगा,चंडीगढ़ | पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए गठबंधन को मिली जीत पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने प्रेस वार्ता कर इसे जनविश्वास और विकास की राजनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की स्पष्ट मुहर है।
गोयल ने कहा कि इन राज्यों के मतदाताओं ने झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए विकास आधारित नेतृत्व को स्वीकार किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं,प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन योजना और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन में वास्तविक बदलाव आया है।
असम के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था में सुधार, बुनियादी ढांचे के विस्तार और शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए कार्यों ने विकास का मजबूत मॉडल पेश किया है। वहीं पुडुचेरी में स्थिर और पारदर्शी शासन के चलते पर्यटन और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है।
पश्चिम बंगाल को लेकर गोयल ने कहा कि वहां की जनता ने हिंसा और भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है और अब वह विकास, सुरक्षा और स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत कर निवेश और रोजगार को बढ़ावा देगी।
गोयल ने कहा कि यह जनादेश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के विजन पर जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।