Summer express, फरीदाबाद | फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रेजिडेंट्स सोसायटी में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रिचा गोयल के रूप में हुई है, जो सी-4 टावर में अपने परिवार के साथ रहती थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिचा गोयल लिफ्ट के माध्यम से सी-1 टावर की 13वीं मंजिल तक पहुंचीं। सोसायटी के सुरक्षा गार्ड ने उन्हें जाते हुए देखा, लेकिन उस समय कोई असामान्य बात नहीं लगी। कुछ ही देर बाद महिला ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय उनके पति राहुल गोयल, जो एक गैस कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, अपने पैतृक गांव आगरा गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही वे फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और मानसिक तनाव को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद सोसायटी में शोक और चिंता का माहौल है।