Summer express, करनाल | हरियाणा के करनाल में रात आए तेज आंधी-तूफान के दौरान दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हुए इन हादसों के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहला हादसा घरौंडा क्षेत्र के गुढ़ा गांव के पास हुआ, जहां एक बाइक पर सवार चार युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिहार निवासी 24 वर्षीय मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तरावड़ी के समीप हुआ। यहां एक कैंटर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची, लेकिन चालक की जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज आंधी और खराब मौसम के कारण दृश्यता प्रभावित होने से ये हादसे हुए।