Summer express, सुन्दर कुंडू , पलवल | हरियाणा सरकार द्वारा पलवल जिले में खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने बताया कि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के प्रयासों से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण का काम लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस और एथलेटिक्स ट्रैक तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा इंडोर स्टेडियम में साउंड सिस्टम, एयर कंडीशनिंग और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। मल्टीपल स्पोर्ट्स गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड में पीओ फ्लोरिंग का कार्य भी जारी है।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुसार पलवल जिले के बहरौला गांव में 124 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया खेल स्टेडियम भी विकसित किया जाएगा। यह परियोजना जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पहली बार पलवल जिले में 49 खेल नर्सरियां आवंटित की हैं, जहां युवाओं और खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के दौरान डाइट भत्ता भी दिया जा रहा है। 14 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह, जबकि 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जाएगी।
खुशवंत सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि खेल ही युवाओं को बेहतर भविष्य की दिशा देते हैं।
वहीं खिलाड़ियों ने भी स्टेडियम में हो रहे बदलावों पर खुशी जाहिर की। खिलाड़ी सूरज ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम को आधुनिक रूप दिया जा रहा है और अलग-अलग खेलों के लिए विशेष मैदान तैयार किए जा रहे हैं। स्टेडियम की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे इसका सौंदर्य बढ़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से उन्हें खेलों में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिलेगा।