Summer express, राहुल चावला, मैक्लोडगंज | अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में पंजाब किंग्स की टीम 7 मई को धर्मशाला पहुंच गई। टीम के पहुंचते ही शहर में क्रिकेट का माहौल और भी रंगीन हो गया।
देर रात पंजाब किंग्स के खिलाड़ी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेडिसन ब्लू होटल से मैक्लोडगंज स्थित होटल मैक्लो पहुंचे, जहां टीम के लिए डिनर का आयोजन किया गया था। खिलाड़ियों के मैक्लोडगंज पहुंचने की खबर मिलते ही होटल के बाहर क्रिकेट प्रशंसकों और पर्यटकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए लंबे समय तक होटल के बाहर इंतजार करते रहे। कई लोगों ने खिलाड़ियों के वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद कीं। खिलाड़ियों को करीब से देखने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
आईपीएल मुकाबलों के मद्देनजर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। खिलाड़ियों की आवाजाही के दौरान होटल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई थी।
धर्मशाला में होने वाले आईपीएल के तीन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है और आने वाले दिनों में शहर में खेल प्रेमियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।