Summer express, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के संगौढ़ गांव में जमीन विवाद को लेकर बेटे ने अपने ही पिता पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी पसलियां तक टूट गईं।
घायल की पहचान मस्तराम के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे दुनी चंद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मस्तराम ने बताया कि वह गांव में आयोजित एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका बेटा दुनी चंद वहां पहुंचा और घर के आंगन में पड़ा डंडा उठाकर उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके हाथ, चेहरे, पीठ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं।
परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। बताया जा रहा है कि मस्तराम की पसलियों में पहले से चोट थी, लेकिन बेटे ने उसी हिस्से पर बार-बार डंडे से वार किए, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दुनी चंद अपनी पहली पत्नी से मस्तराम का बेटा है। वह लंबे समय से पिता पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इतना ही नहीं, वह नई कार खरीदने की मांग भी कर रहा था। मांगें पूरी न होने पर उसने गुस्से में आकर पिता पर हमला कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।