Summer express/शिमला , संजू -:शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश के मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। अस्पताल में अप्रैल माह में पेट स्कैन मशीन शुरू होने के बाद अब तक 145 मरीज इसका लाभ उठा चुके हैं।पहले कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की जांच के लिए लोगों को चंडीगढ़, दिल्ली या दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, जहां जांच पर 20 से 25 हजार रुपये तक खर्च आते थे।अब यही सुविधा आईजीएमसी में मात्र 10 हजार रुपये में उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बच रहे हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि देश के सरकारी संस्थानों में इतनी कम लागत पर पेट स्कैन सुविधा बहुत कम जगह उपलब्ध है।
आईजीएमसी के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राहुल राव ने बताया कि 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल में पेट स्कैन मशीन का उद्घाटन किया था। इसके बाद लगातार मरीज यहां जांच के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिल रहा है।
वहीं अस्पताल में मार्च महीने से शुरू हुई रोबोटिक सर्जरी सुविधा भी मरीजों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। अब तक 34 रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, जिनमें 30 सामान्य सर्जरी विभाग और 4 गायनी विभाग से संबंधित हैं।डॉ. राहुल राव के अनुसार, जहां अन्य राज्यों में रोबोटिक सर्जरी पर करीब ढाई लाख रुपये तक खर्च आता है, वहीं आईजीएमसी में यह सुविधा लगभग 30 हजार रुपये में उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे प्रदेश के मरीजों को आधुनिक इलाज अब अपने ही राज्य में सुलभ हो रहा है।