Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए मानहानि नोटिस भेजने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं।उन्होंने कहा कि संबंधित भाजपा नेता को कानूनी नोटिस भेजा जा रहा है और यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो उनके खिलाफ मानहानि का दावा दायर किया जाएगा।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि भाजपा नेताओं ने नगर निगम को लेकर जो बयान दिए हैं, वे जनता को गुमराह करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में भाजपा का विधायक होने के बावजूद नगर निगम की बैठकों को लेकर सवाल नहीं उठाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब भी नगर निगम का हाउस आयोजित होता है, स्थानीय विधायक को उसमें शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया जाता है। यदि बैठकें नहीं हुईं तो भाजपा विधायक ने इस विषय पर कोई आपत्ति क्यों नहीं जताई।कांग्रेस नेता ने भाजपा के नगर निगम चुनाव घोषणा पत्र को “झूठ का पुलिंदा” बताते हुए कहा कि भाजपा ने बिना बजट प्रावधान के बड़े-बड़े वादे किए हैं, जिन्हें पूरा करना संभव नहीं है। इसके विपरीत कांग्रेस ने विस्तृत वित्तीय योजना और बजट प्रावधान के साथ अपना घोषणा पत्र तैयार किया है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम में कांग्रेस की सत्ता आने पर जनता से किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।जग्गी ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र युवाओं, कर्मचारियों और आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के अध्यापक उनसे मिले थे और उन्होंने दूरदराज तबादलों की समस्या उठाई थी। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि शिक्षकों के हितों को देखते हुए 30 किलोमीटर की तबादला सीमा को घटाकर 15 से 18 किलोमीटर तक किया जाएगा।
इस दौरान राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने भी भाजपा सांसदों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा के सात सांसद चुने गए, लेकिन किसी ने भी केंद्र में प्रदेश के अधिकारों और विकास योजनाओं के लिए प्रभावी आवाज नहीं उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मशाला सीवरेज परियोजना की लागत पहले 105 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 179 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, लेकिन केंद्र सरकार ने अभी तक इसके लिए आवश्यक धनराशि जारी नहीं की।अनुराग शर्मा ने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने कांगड़ा की रेल लाइन को ब्रॉडगेज करने का मुद्दा उठाया, लेकिन भाजपा सांसदों ने इस दिशा में कभी गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्होंने रेल लाइन या अन्य विकास कार्यों को लेकर कोई पत्राचार किया है तो उसे सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गहन विचार-विमर्श के बाद ही चुनावी घोषणा पत्र तैयार किया है और पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है।