Summer express/सोलन, भूपेन्द्र -:कंडाघाट उपमंडल के साधुपुल क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक युवती की जान चली गई जबकि कार में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक कार चायल से सोलन की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन साधुपुल के समीप दोची क्षेत्र में पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से करीब 150 फुट नीचे नाले में जा गिरी।
हादसे में 24 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार तोता राम, कौशल्या, सुनीता और निर्मला घायल हो गए। सभी घायल शिमला जिले के कोटी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।घटना की सूचना तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कंडाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।