Summer express, श्री कीरतपुर साहिब। पंजाब के श्री कीरतपुर साहिब में भाखड़ा नहर से 26 साल पुरानी एक दर्दनाक घटना का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। नहर से एक ओमनी वैन बरामद की गई है, जिसके भीतर से चार इंसानी कंकाल मिले हैं। इस घटना ने वर्षों पुराने उस हादसे की यादें फिर ताजा कर दीं, जिसमें एक परिवार शादी समारोह से लौटते समय रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था।
जानकारी के अनुसार यह हादसा वर्ष 2000 में हुआ था। उस समय परिवार के सदस्य एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी नंगल भाखड़ा नहर में गिर गई थी। घटना के बाद प्रशासन और सरकारी गोताखोरों ने काफी तलाश अभियान चलाया, लेकिन न तो वाहन का कोई सुराग मिला और न ही परिवार के लोगों का पता चल पाया। समय बीतने के साथ मामला लगभग ठंडे बस्ते में चला गया था।
करीब 26 साल बाद यह रहस्य तब खुला, जब गोताखोर कमलप्रीत सैनी किसी अन्य व्यक्ति की तलाश में नहर में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें पानी के भीतर एक वाहन दिखाई दिया। जब कार को बाहर निकाला गया तो जांच में पुष्टि हुई कि यह वही ओमनी वैन है, जो दो दशक पहले नहर में समा गई थी।
वाहन के अंदर से तीन वयस्कों और एक बच्चे के कंकाल बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि बच्चे के शरीर का केवल घुटने का हिस्सा और उस समय पहनी गई शर्ट मिली है, जबकि बाकी लोगों की हड्डियां भी बरामद की गईं।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। वहीं, पीड़ित परिवार ने 26 साल बाद मिले अवशेषों का श्री कीरतपुर साहिब के पातालपुरी में अंतिम संस्कार और अस्थि विसर्जन किया। यह घटना परिवार के लिए भावुक और पीड़ादायक पल लेकर आई है।