Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:हमीरपुर जिले के सुजानपुर टीहरा में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन विधायक कैप्टन रणजीत सिंह और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तुरंत नियंत्रण की मांग उठाई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानियों को कई गुना बढ़ा दिया है। पेट्रोल और डीजल महंगे होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान लगातार महंगे होते जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई ने लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और नौकरीपेशा वर्ग को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध जताया।