हमीरपुर, अरविंद -:पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों में ईंधन के दामों में बार-बार बढ़ोतरी ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उनका आरोप है कि महंगाई की मार से पहले ही परेशान जनता को सरकार कोई राहत देने के बजाय लगातार नए बोझ तले दबा रही है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों पर दिखाई दे रहा है।खाद्य सामग्री, सब्जियां, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा, किसान, मजदूर और गृहणियां सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ चुनावों के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर महंगाई पर नियंत्रण करने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।जनता यह जानना चाहती है कि आखिर पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि क्यों की जा रही है और आम लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे।डॉ. वर्मा ने कहा कि अब जनता सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत बढ़ी हुई कीमतों को वापस ले और महंगाई कम करने के लिए ठोस एवं जनहितकारी कदम उठाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।