Summer express, लुधियाना। शहर के हंबड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला डाक अधिकारी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक से सड़क पर गिरी महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान बहादुरके रोड निवासी रवीता के रूप में हुई है, जो जगराओं मुख्य डाकघर में सहायक डाक अधीक्षक के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था और वह अकेले अपनी बेटी की परवरिश कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, रवीता मंगलवार सुबह अपने सहकर्मी आकाशदीप सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जगराओं ड्यूटी के लिए जा रही थीं। जब वे हंबड़ा स्थित एचडीएफसी बैंक के पास पहुंचे, तभी अचानक एक व्यक्ति सड़क पार करने लगा। अचानक सामने आए व्यक्ति से टक्कर होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी रवीता सड़क पर गिर गईं।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
थाना लाड़ोवाल के अंतर्गत चौकी हंबड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।