Summer express, गुरुग्राम | गुरुग्राम की खांडसा मंडी में फल व्यापारी भारत भूषण की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी जय भगवान उर्फ सीटू को गुरुग्राम पुलिस ने सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को रात गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा गया। इससे पहले मामले में मंडी स्थित दुकान के कर्मचारी राहुल को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कमान सराय निवासी भारत भूषण खांडसा मंडी में फल व्यापार का काम करते थे। रविवार सुबह दिल्ली की मंडियों से फल से भरी गाड़ियां मंडी में पहुंची थीं। इसी दौरान गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि पड़ोसी दुकान के कर्मचारी राहुल ने दुकान के बाहर सामान फैला रखा था, जिसके चलते फल की गाड़ी लगाने में परेशानी हो रही थी।
जब भारत भूषण ने सामान हटाने को कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कर्मचारी राहुल ने अपने दुकान मालिक जय भगवान उर्फ सीटू को मौके पर बुला लिया। पुलिस के अनुसार, जय भगवान मंडी पहुंचा और पहले भारत भूषण के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने धारदार सुआ से हमला कर दिया, जिससे भारत भूषण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद मंडी क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।