Summer express/पलवल, सुन्दर कुंडू-: जिले के गांव दूधौला में ग्राम पंचायत की ओर से गोवंश संरक्षण और संवर्धन को लेकर एक अनूठी पहल की गई है। गांव में हवन-यज्ञ के साथ 21 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित गौशाला के निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरपंच सुनील चौधरी ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भूमि पूजन के साथ गौ पूजन कर कार्यक्रम में सहभागिता की।
भूमि पूजन के बाद सरपंच सुनील चौधरी ने बताया कि गोवंश भारतीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। उनके संरक्षण और बेहतर देखभाल के उद्देश्य से इस गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित गोवंशों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल साबित होगी।सरपंच के अनुसार गौशाला में विशेष रूप से बीमार, दुर्घटनाग्रस्त, अपाहिज तथा गंभीर रोगों से पीड़ित गोवंशों के उपचार, संरक्षण, सेवा और पोषण की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि पशुओं को बेहतर चिकित्सा और देखभाल मिल सके। उन्होंने इसे गांव के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय बताया।कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी पंचायत की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि गौशाला निर्माण से न केवल निराश्रित गोवंशों को संरक्षण मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में पशु कल्याण को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने इसे समाजहित और धर्महित से जुड़ा एक पुनीत कार्य बताते हुए पंचायत के प्रयासों की प्रशंसा की।