Summer express/ मंडी ,धर्मवीर -:पंडोह डैम से लगातार जारी की जा रही चेतावनियों के बावजूद पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालकर व्यास नदी के किनारों तक पहुंच रहे हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा बार-बार अपील की जा रही है कि लोग नदी के किनारे न जाएं और जलधारा से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, लेकिन इसके बावजूद कई पर्यटक पूरे परिवार के साथ नदी के बीच तक पहुंच रहे हैं। क्षेत्र में जगह-जगह प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि डैम से किसी भी समय पानी छोड़ा जा सकता है और नदी के समीप जाना खतरनाक हो सकता है। इसके बावजूद पर्यटकों द्वारा इन चेतावनियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार देखा गया है कि पर्यटक फोटो और वीडियो बनाने के लिए नदी के बीच चट्टानों तक पहुंच जाते हैं। अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ऐसे लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। जानकारी के अनुसार 9 मील फोरलेन के समीप दरिया किनारे कुछ निर्माण एवं अन्य कार्य चल रहे हैं। कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए दरिया किनारे एक अस्थायी रास्ता बनाया गया है। इसी रास्ते का उपयोग कर कई पर्यटक व्यास नदी के बिल्कुल नजदीक पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रास्ता कार्य के लिए बनाया गया है, लेकिन पर्यटक इसे घूमने और फोटो खींचने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले भी व्यास नदी में एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जब अचानक पानी बढ़ने से हैदराबाद के 24 छात्रों की जान चली गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन ने एक बार फिर स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी किनारे जाने से बचें तथा चेतावनी बोर्डों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।