Summer express, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे शहर के वाघोली इलाके में शुक्रवार सुबह एक रिहायशी भवन में गैस रिसाव के कारण हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो बुजुर्ग सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव एजेंसियों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9:15 बजे खंडवे नगर स्थित दो मंजिला मकान में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले जोरदार धमाके की आवाज सुनी, जिसके बाद इमारत से आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने सिलेंडर विस्फोट की आशंका जताते हुए फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
सूचना मिलते ही खराडी, धनोरी और येरवडा फायर स्टेशनों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग इमारत की पहली मंजिल को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में पांडुरंग विष्णु गिट्टे की मौत हो गई, जबकि विष्णु मुंजाजी गिट्टे और वृंदाविनी विष्णु गिट्टे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार अस्पताल में जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुराना एलपीजी सिलेंडर समाप्त होने के बाद नया सिलेंडर लगाया जा रहा था। इसी दौरान गैस रिसाव होने लगा और बंद कमरे में गैस जमा हो गई। किसी चिंगारी के संपर्क में आने पर विस्फोट हो गया, जिससे आग भड़क उठी।
आग की चपेट में आने से मकान के हॉल, फर्नीचर, टेलीविजन, बिजली की वायरिंग, गीजर और बाथरूम की फिटिंग को भारी नुकसान पहुंचा। वहीं रसोई में रखा रेफ्रिजरेटर और अन्य घरेलू सामान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं।