Summer express,अनिल मंगला ,फरीदाबाद। शहर की सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन का 17,500 रुपये का ऑनलाइन चालान काट दिया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक चलती गाड़ी में जान जोखिम में डालकर हुड़दंग करते नजर आए, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले देर रात फरीदाबाद की सड़कों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार युवकों का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर खड़ा है, जबकि दूसरा युवक वाहन की छत और आगे के शीशे के ऊपर बैठा हुआ है। इसके अलावा कुछ युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर शोर-शराबा और स्टंटबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में दिख रही स्कॉर्पियो का नंबर HR29-BF-7568 बताया जा रहा है। युवकों की यह लापरवाही न केवल उनकी अपनी जान बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती थी।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 17,500 रुपये का ऑनलाइन चालान जारी कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस तरह की स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सड़क पर किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी या खतरनाक स्टंट से बचें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। पुलिस अब वीडियो के आधार पर वाहन में सवार युवकों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज कर रही है।