Summer express/शिमला, 08 जून -:शिमला जिला की वैश्विक पटल पर पहचान का प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 का भव्य आगाज आज ऐतिहासिक रिज मैदान से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता द्वारा किया गया। राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर प्रथम सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति अनुपम कश्यप ने राज्यपाल, विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा तथा महापौर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चौहान को सम्मानित किया।प्रथम सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक शबाब साबरी ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर लोगों ने जमकर आनंद लिया और देर शाम तक रिज मैदान संगीत की धुनों से गूंजता रहा।सांस्कृतिक संध्या में उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के तहत जम्मू एवं कश्मीर के कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा हिमांशी तंवर, अरुण जस्टा सहित प्रदेश के अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
08 से 12 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव में प्रदेश और देश के कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश पुलिस ब्रास बैंड तथा वॉइस ऑफ माउंटेन्स के प्रथम चरण के प्रतिभागियों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।