Summer express, कैथल। एक युवती से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। वार्ड-29 स्थित संजय कॉलोनी निवासी संदीप कुमार की चाकू से हमले के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने युवती के परिजनों पर सुनियोजित तरीके से हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार संदीप एक क्रॉकरी दुकान पर काम करता था और परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों का कहना है कि रात उसे फोन कर घर से बुलाया गया था। कुछ समय बाद वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिवार का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान संदीप ने हमलावरों के नाम बताए थे। परिजनों ने उसका एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें वह एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमले का आरोप लगा रहा है। अब यह वीडियो पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन सकता है।
मृतक के स्वजनों के मुताबिक संदीप और संबंधित युवती के बीच लंबे समय से बातचीत होती थी। दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट भी परिवार के पास मौजूद है। कुछ दिन पहले युवती के परिजन संदीप के घर पहुंचे थे और उसे समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद मामला शांत नजर आ रहा था, लेकिन अचानक हुई वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे संदीप दुर्गा माता मंदिर चौक की ओर गया था। इसी दौरान दो युवकों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट, पीठ और हाथों पर कई वार किए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। अस्पताल और शवगृह के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को साजिश के तहत बुलाकर हमला किया गया। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सिटी थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवकों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। मोबाइल चैट, वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।